देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड की महिलाएं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इन दो दिनों में महिलाओं से बस यात्रा का कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
28 और 29 अगस्त को नहीं देना होगा किराया
उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। शासन ने उत्तराखंड परिवहन निगम को आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश के भीतर निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को 100 प्रतिशत किराया छूट दी जाएगी।
मायके जाने वाली महिलाओं को मिलेगी राहत
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार के इस फैसले से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में आर्थिक राहत के साथ सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।
सरकार करेगी खर्च की भरपाई
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर आने वाले अतिरिक्त व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है