बेटियों के लिए बड़ी खबर: नंदा गौरा योजना के आवेदन शुरू, जानें पात्रता और आवेदन की पूरी प्रक्रिया

बेटियों के लिए बड़ी खबर: नंदा गौरा योजना के आवेदन शुरू, जानें पात्रता और आवेदन की पूरी प्रक्रिया

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ एक परिवार की अधिकतम दो जीवित पात्र बालिकाओं को दिया जाएगा।
योजना के तहत बालिका के जन्म पर ₹11 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक या कम से कम एक वर्ष के डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाली अविवाहित पात्र बालिकाओं को ₹51 हजार की सहायता प्रदान की जाती है।

जन्म के छह माह के भीतर करना होगा आवेदन
जिला कार्यक्रम अधिकारी पीसी बृजवाल ने बताया कि नवजात बालिकाओं के मामले में अभिभावकों को बालिका के जन्म के छह माह के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन विभागीय पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 12वीं पास कर स्नातक या न्यूनतम एक वर्ष के डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाली पात्र बालिकाएं 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

पोर्टल पर उपलब्ध हैं दिशा-निर्देश
योजना से जुड़ी पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं। विभाग ने पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय पर आवेदन पूरा करें। किसी भी सहायता के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय या बाल विकास परियोजना कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।