श्रीनगर में नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद; चालक गिरफ्तार

श्रीनगर में नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद; चालक गिरफ्तार

श्रीनगर (पौड़ी)। पौड़ी जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस को सीज करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

नौ कट्टों में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 की तड़के आवास विकास ग्राउंड, श्रीनगर के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान यूके14-पीए-0539 इको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलो गांजा बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट (45) निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार किया।

रुद्रप्रयाग से खरीदकर श्रीनगर में बेचने की थी योजना
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में उक्त एंबुलेंस का संचालन करता है। उसके अनुसार वह एक अन्य सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था, जहां इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज रहा है।

तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि गांजा सप्लाई करने वाले और इसे आगे खपाने वाले अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
मामले में कोतवाली श्रीनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल एंबुलेंस को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी, हेड कांस्टेबल दिनेश चौधरी, हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह, कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल प्रवीण पुरी शामिल रहे।