राष्ट्रीय खेल दिवस पर डॉ. अनुराग शर्मा का आलेख: खेलों से ही निखरेगी नई प्रतिभा

राष्ट्रीय खेल दिवस पर डॉ. अनुराग शर्मा का आलेख: खेलों से ही निखरेगी नई प्रतिभा

आज 29 अगस्त को संपूर्ण भारत राष्ट्रीय खेल दिवस मना रहा है ।यह दिन हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करने का दिन है, तो साथ ही साथ भारत में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को सम्मानित करने का दिन भी है। मेजर ध्यानचंद जिनको हॉकी के जादूगर के नाम से भी जाना जाता है उन्हें संपूर्ण विश्व में भारत का तिरंगा ऊंचा किया।

मेजर ध्यानचंद की अगुवाई में भारत ने सन 1928, 1932 और 1936 में लगातार तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीत कर सम्पूर्ण विश्व में भारत की जीत का परचम लहराया।1928 के एम्सटर्डम ओलंपिक में उन्होंने मात्र पांच मैचों में अविश्वसनीय 14 गोल दाग दिए थे उनके इस अविस्मरणीय कारनामे को देखकर संपूर्ण विश्व आश्चर्यचकित था और तभी उन्हें जादूगर उपनाम भी दिया गया भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस की शुरुआत 2012 से की गई और मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का निर्णय किया गया ।

आज ही के दिन 29 अगस्त 1905 को मेजर ध्यानचंद जी का जन्म हुआ था उन्हें असाधारण हॉकी स्टिक हैंडलिंग और गेंद पर नियंत्रण के लिए जाना जाता है ।भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के पावन अवसर पर अथवा इसके आसपास ही राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार और अन्य राष्ट्रीय खेल सम्मान परंपरागत रूप से घोषित या प्रदान किए जाते हैं ।

इस वर्ष फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम के तहत 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय क्रीडा राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्कूल, कॉलेज,महाविद्यालय तथा स्पोर्ट्स स्टेडियम में राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताएं और सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ।इस वर्ष का थीम खेलेगा भारत जीतेगा भारत ‘निर्धारित किया गया है ।तो आइये राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलों के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते खेलों की दुनिया में अपना योगदान देना भी सुनिश्चित कीजिएगा।

आज के इस पावन दिवस पर आप सभी से एक निवेदन है कि अपने बच्चों को खेलने से मत रोकिए उन्हें खेलने दीजिए क्योंकि ना जाने उन्हीं में से कोई मेजर ध्यानचंद, पी.टी. उषा, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, लक्ष्य सेन, ऋषभ पंत, नीरज चोपड़ा और मैरीकॉम आदि बनकर उभर जाए। हम सभी इस खेल दिवस के अवसर पर भारत को संपूर्ण विश्व के मस्तक पर पहुंचने का प्रयास करेंगे इसी आशा के साथ आप सभी को खेल दिवस की बहुत-बहुत हार्दिक शुभकामनाएं।