उत्तराखंड को आज मिलेगी पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की सौगात, CM धामी करेंगे भूमि-पूजन और शिलान्यास

उत्तराखंड को आज मिलेगी पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की सौगात, CM धामी करेंगे भूमि-पूजन और शिलान्यास

हल्द्वानी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड को प्रदेश की पहली राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार, 29 अगस्त को एक दिवसीय नैनीताल दौरे पर रहेंगे और गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह रुद्रपुर के डीपीएस स्कूल मैदान से हेलीकॉप्टर के जरिए गौलापार के लिए रवाना होंगे और दोपहर करीब 12 बजे गौलापार स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री कार से दोपहर 12:15 बजे क्रीड़ा विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में वह विश्वविद्यालय का भूमि-पूजन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगे।

खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण का अवसर
गौलापार में स्थापित होने वाला खेल विश्वविद्यालय प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विश्वविद्यालय में खेल विज्ञान, खेल प्रबंधन और आधुनिक कोचिंग जैसी सुविधाओं के विकास से राज्य की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय के संचालन के लिए कुलपति सहित 94 शैक्षणिक, शिक्षणेत्तर, कोचिंग और प्रशासनिक पदों को भी मंजूरी मिल चुकी है।

व्यापार और उद्योग जगत से करेंगे संवाद
क्रीड़ा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:45 बजे हल्द्वानी के आईटीडीसी फॉर्च्यून पहुंचेंगे। यहां वह व्यापार एवं उद्योग बंधुओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े लोगों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री हल्द्वानी में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। शाम करीब 4:40 बजे एफटीआई हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के जरिए देहरादून के लिए रवाना होंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर राज्य को पहली खेल यूनिवर्सिटी की सौगात मिलने से उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।