उत्तराखंड के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 650 से अधिक सीटों पर मुफ्त कौशल प्रशिक्षण, ट्रेनिंग के बाद मिलेगी नौकरी में मदद

उत्तराखंड के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 650 से अधिक सीटों पर मुफ्त कौशल प्रशिक्षण, ट्रेनिंग के बाद मिलेगी नौकरी में मदद

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। उत्तराखंड कौशल विकास मिशन की ओर से प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तीन से चार महीने की अवधि वाले इन शॉर्ट टर्म कोर्स में 650 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अभ्यर्थियों को रोजगार और प्लेसमेंट में भी सहायता दी जाएगी।

आईएचएम देहरादून में हॉस्पिटैलिटी के कोर्स
गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), देहरादून में हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 सीटें और फूड एंड बेवरेज असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को होटल और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े व्यावहारिक कौशल सिखाए जाएंगे।

तकनीकी और सप्लाई चेन प्रशिक्षण के अवसर
सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं पास और आईटीआई योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) तथा असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40-40 सीटों वाले बैच संचालित किए जाएंगे।
वहीं, दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 युवक-युवतियों को सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पाठ्यक्रम के दौरान युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।


पंजीकरण के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
उत्तराखंड कौशल विकास मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है। इच्छुक अभ्यर्थी पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी और पंजीकरण के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

हॉस्पिटैलिटी कोर्स: 9410394201
सप्लाई चेन कोर्स: 7618222334
तकनीकी कोर्स: 9870835117
योजना के तहत निःशुल्क प्रशिक्षण और प्लेसमेंट सहायता के माध्यम से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।