हॉकी इंडिया ने महिला हॉकी टीम के लिए 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की

हॉकी इंडिया ने महिला हॉकी टीम के लिए 50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की

नई दिल्ली। एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को हॉकी इंडिया की ओर से 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। बेल्जियम और नीदरलैंड्स में आयोजित विश्व कप में भारतीय टीम ने पांचवां स्थान हासिल किया है, जो 52 वर्षों में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भारतीय टीम ने बृहस्पतिवार को एम्स्टेलवीन में खेले गए मुकाबले में जर्मनी को 3-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। इससे पहले वर्ष 1974 में आयोजित पहले महिला हॉकी विश्व कप में भारत चौथे स्थान पर रहा था।

52 साल बाद भारत का शानदार प्रदर्शन
कप्तान सलीमा टेटे की अगुवाई में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया। टीम को प्रतियोगिता में सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। भारत ने चीन, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले ड्रॉ खेले, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से करारी शिकस्त दी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री दिलीप तिर्की ने भारतीय टीम के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि 52 साल बाद विश्व कप में इतना शानदार प्रदर्शन टीम की कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और जज्बे को दर्शाता है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
इस बीच प्रतियोगिता का फाइनल नीदरलैंड्स और अर्जेंटीना के बीच एम्स्टेलवीन के वैगनर स्टेडियम में खेला जाएगा।