देवप्रयाग, 1 सितंबर 2026। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल) में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण – 2026 के अंतर्गत “शंका-समाधान-संवाद” विषय पर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “सही जानकारी, सरल समाधान, सीधा संवाद” के मूलमंत्र के साथ छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना था।
सेमिनार के नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद इलयास ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम में संशोधन, पते में परिवर्तन एवं मृत/स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
डॉ. इलयास ने कहा, “युवा मतदाताओं को चाहिए कि वे स्वयं जागरूक हों और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करें। यदि मतदाता सूची से संबंधित कोई भी शंका है, तो उसका समाधान सीधे संवाद के माध्यम से किया जा सकता है।”
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं की शंकाओं का समाधान भी किया गया।