उत्तराखंड: सचिवालय में नौकरी का सपना दिखाकर 30 लाख की ठगी

उत्तराखंड: सचिवालय में नौकरी का सपना दिखाकर 30 लाख की ठगी

देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में संविदा पर नौकरी और फ्लैट दिलाने का भरोसा देकर बिहार निवासी एक व्यक्ति से करीब 30 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने डिजिटल न्यूज पोर्टल के संचालक अभय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौकरी के नाम पर लिए करीब 25 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार बिहार निवासी आशीष कुमार ने शिकायत में बताया कि मार्च 2020 में देहरादून में उनकी मुलाकात अभय कुमार से हुई थी। शिकायत के मुताबिक, अभय ने खुद को एक डिजिटल न्यूज पोर्टल का संचालक बताते हुए उत्तराखंड सचिवालय में संविदा पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 25 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद 30 मार्च 2020 को आशीष को प्रशिक्षु जिला विकास अधिकारी पद का नियुक्ति पत्र दिया गया। पीड़ित का दावा है कि नियुक्ति पत्र की जांच कराने पर वह फर्जी निकला। नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी।

फ्लैट के नाम पर भी 5 लाख लेने का आरोप
शिकायत में फ्लैट दिलाने के नाम पर करीब 5 लाख रुपये नकद लेने का भी आरोप लगाया गया है। आशीष के अनुसार आरोपी ने उन्हें एक फ्लैट दिखाया और बाद में उससे संबंधित कथित समझौता भी तैयार कराया।
पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस करने के लिए दिए गए कई चेक बैंक में बाउंस हो गए। इनमें कुछ चेक आरोपी की पत्नी के नाम से होने की बात भी शिकायत में कही गई है। रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी के डिजिटल न्यूज पोर्टल पर आशीष के मित्र सुनील कुमार शर्मा को सरकारी नौकरी मिलने से संबंधित कथित भ्रामक खबर प्रकाशित की गई थी।
राजपुर थाना प्रभारी पीड़ी भट्ट के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय के पोर्टल के माध्यम से मिली शिकायत के आधार पर अभय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस लेनदेन, दस्तावेजों और मामले में आरोपी की भूमिका समेत शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2021 में आशीष कुमार और सुनील कुमार ने भी राजपुर थाने में शिकायत दी थी। इसके अलावा अजय शंकर नामक व्यक्ति की ओर से भी आरोपी के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
Did you like this feature?