स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026: देहरादून की रैंकिंग में 7 पायदान का सुधार, 12वें स्थान पर पहुंचा

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026: देहरादून की रैंकिंग में 7 पायदान का सुधार, 12वें स्थान पर पहुंचा

देहरादून: राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 की रैंकिंग जारी कर दी गई है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से जारी रैंकिंग में देहरादून ने इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। देहरादून की रैंकिंग में सात पायदान का सुधार हुआ है और शहर 19वें स्थान से बढ़कर 12वें स्थान पर पहुंच गया है।
वहीं, उत्तराखंड के ऋषिकेश और काशीपुर की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है। ऋषिकेश इस बार 16वें और काशीपुर 21वें स्थान पर रहा।

लगातार तीसरे साल देहरादून का प्रदर्शन बेहतर
इस वर्ष तीन से 10 लाख की आबादी वाले 42 शहरों की श्रेणी में देहरादून को 12वीं रैंक मिली है। पिछले साल दून 19वें स्थान पर था। खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत देहरादून की रैंकिंग में लगातार तीसरे वर्ष सुधार देखने को मिला है।
एनसीएपी के तहत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) देहरादून, काशीपुर और ऋषिकेश में वायु गुणवत्ता की निगरानी के साथ प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रहा है।
ऋषिकेश और काशीपुर की रैंकिंग गिरी
तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ऋषिकेश को 16वीं रैंक मिली है। पिछले वर्ष ऋषिकेश 14वें स्थान पर था। वहीं काशीपुर 21वें स्थान पर रहा, जबकि पिछले साल उसकी रैंकिंग 18वीं थी।

चार वार्डों को मिलेगा नकद पुरस्कार
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के तहत राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों की सूची भी जारी की गई है। इसमें देहरादून का धोरन वार्ड, काशीपुर का एक वार्ड, बाजपुर और ऋषिकेश के आवास विकास वार्ड का चयन किया गया है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले इन वार्डों को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। देहरादून के चयनित वार्ड को 15 लाख रुपये, जबकि काशीपुर और ऋषिकेश के चयनित वार्डों को 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।