हल्द्वानी में फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, कार पर लगा रखा था लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड

हल्द्वानी में फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, कार पर लगा रखा था लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड

हल्द्वानी नैनीताल जिले में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में 12 सितंबर को थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को पुलिस ने रोका। कार पर लाल-नीली बत्ती के साथ ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा हुआ था।

चालक ने पूछताछ में अपना परिचय मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में दिया और खुद को आईबी अधिकारी बताया।पुलिस द्वारा नियुक्ति एवं पद से संबंधित जानकारी मांगे जाने पर युवक सकपका गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

आईडी कार्ड और दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने के बाद पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली।तलाशी में डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती तथा ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने रौब दिखाने के उद्देश्य से एयरगन अपने पास रखी थी। उसने आईबी आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेजों को भी फर्जी होना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा कपटपूर्वक खुद को आईबी अधिकारी/जवान प्रदर्शित करने के लिए फर्जी पहचान पत्र एवं दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया जा रहा था। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मु0 FIR संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। वहीं उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग लगातार जारी रहेगी। फर्जी पहचान बनाने, सरकारी पद का दुरुपयोग करने अथवा पुलिस/सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।