मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, दो गिरफ्तार

मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, दो गिरफ्तार

पिरान कलियर में मेडिकल स्टोर पर STF की छापेमारी, 1150 ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कफ सिरप बरामद; दो गिरफ्तार
हरिद्वार: पिरान कलियर क्षेत्र में नशीली दवाओं के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ ने कार्रवाई की है। टीम ने एक मेडिकल स्टोर से 1,150 ट्रामाडोल कैप्सूल और कोडीन युक्त 10 कफ सिरप बरामद किए हैं। मामले में मेडिकल स्टोर से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मेडिकल स्टोर पर अवैध बिक्री की सूचना
एसटीएफ के अनुसार, 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिरान कलियर स्थित मोनी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान काउंटर और अन्य स्थानों से 1,150 Puroxiwin Spas कैप्सूल और 10 Codeictus TR सिरप बरामद किए गए।

खरीद-बिक्री के दस्तावेज नहीं दिखा सके
पुलिस के मुताबिक, बरामद दवाओं के संबंध में मेडिकल स्टोर पर मौजूद दोनों व्यक्ति कोई वैध खरीद-बिक्री अभिलेख या चिकित्सकीय पर्चा प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुर्बान अली (40), निवासी महमूदपुर, पिरान कलियर और आदिल (24), निवासी मुकरपुर, पिरान कलियर के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
एसटीएफ के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कलियर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में बरामद दवाओं के स्रोत और उनकी बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है ।