देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 18 नवंबर 2026 को प्रदेश के 29 शहरों में आयोजित की जाएगी।
650 सीटों पर मिलेगा प्रवेश
बोर्ड सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल के अनुसार, डीएलएड में कुल 650 सीटें निर्धारित हैं। इनमें विज्ञान वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 325 सीटें और कला एवं वाणिज्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 325 सीटें रखी गई हैं। प्रत्येक डायट में दोनों वर्गों के लिए 50-50 सीटें होंगी।
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को डायट में दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा।
आवेदन और परीक्षा शुल्क
विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन आधिकारिक वेबसाइट www.ukdeled.com के माध्यम से लिए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
प्रवेश परीक्षा के लिए सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों से 600 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों से 300 रुपये, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों से 150 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
सालाना 35 हजार रुपये फीस
डीएलएड प्रशिक्षण की वार्षिक फीस 35 हजार रुपये निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर निर्धारित डायट में प्रवेश दिया जाएगा।