रुड़की। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट से करीब 17 करोड़ 29 लाख रुपये की जाली करेंसी मिलने के मामले की जांच अब उत्तराखंड तक पहुंच गई है। शनिवार, 19 सितंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने हरिद्वार जिले के रुड़की में कार्रवाई की। टीम ने गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर स्थित प्रीत विहार कॉलोनी में एक घर पर दबिश दी और एक व्यक्ति से पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार NIA की टीम स्थानीय पुलिस के साथ सेक्टर रोड स्थित प्रीत विहार कॉलोनी पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद NIA की टीम उसे अपने साथ ले गई। गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि शनिवार को NIA की टीम रुड़की आई थी और एक व्यक्ति को अपने साथ लेकर गई है।
सहारनपुर की करेंसी चेस्ट में मिले थे जाली नोट
मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में घंटाघर के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट से जुड़ा है। जांच के दौरान करेंसी चेस्ट में करीब 17.29 करोड़ रुपये की करेंसी जाली पाए जाने की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपी गई।
जांच के दौरान NIA ने कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसी क्रम में जगाधरी करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान अमित कुमार ने जांच एजेंसी को कुछ अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी थी।
इसी कड़ी में NIA की टीम रुड़की पहुंची और गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में कार्रवाई की। फिलहाल हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है और मामले में उसकी भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।