हरिद्वार। बहादराबाद पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवकों से ठगी करने वाले एक कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में फर्जी दुल्हन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह युवकों को शादी के जाल में फंसाकर वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले भोले-भाले युवकों को शादी का झांसा देते थे। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया जाता था। युवक के बेहोश होने के बाद आरोपी घर में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुकमीना, अब्दुल बारी, पुनीत कुमार, पुनीत की पत्नी और फतेह सिंह मीना के रूप में की है। आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने हरिद्वार के अलावा अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।