देहरादून: क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के मोहब्बेवाला में शुक्रवार सुबह एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे से शहर की ओर आ रहा ईंटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, घटना में किसी की जान नहीं गई।
रंबल स्ट्रिप के बाद ट्रक में उछाल का ड्राइवर का दावा
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईंटें लेकर देहरादून आ रहा था। शहर में प्रवेश के दौरान ढलान वाले हिस्से में बनाए गए रंबल स्ट्रिप से गुजरने के बाद ट्रक में काफी उछाल आया। चालक का दावा है कि इसके बाद ट्रक के ब्रेक फेल हो गए।
चालक के मुताबिक, सड़क पर लोगों को बचाने के लिए उसने ट्रक को किनारे मोड़ दिया। इसके बाद करीब 200 मीटर आगे जाकर ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर परिसर में घुस गया और पलट गया।
पुलिस ने चालक को बाहर निकालकर कराया इलाज
हादसे की सूचना मिलने पर क्लेमेंटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ट्रक चालक को बाहर निकाला और उसका उपचार कराया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया।
थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
मोहब्बेवाला में पहले भी हो चुके हैं हादसे
मोहब्बेवाला क्षेत्र में पिछले कुछ समय में कई सड़क हादसे हो चुके हैं। हाल में हुए एक हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोग घायल हुए थे। इसके बाद जिलाधिकारी आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था।
प्रशासन ने नेशनल हाईवे से शहर की ओर आने वाले ढलान वाले हिस्से में वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनवाई थीं। हालांकि, कुछ वाहन चालकों का कहना है कि इन रंबल स्ट्रिप से भारी वाहनों में ज्यादा उछाल आ रहा है।
क्या होती है रंबल स्ट्रिप?
रंबल स्ट्रिप सड़क पर बनाई गई उभरी हुई या खांचेदार पट्टियां होती हैं। इनसे वाहन के गुजरने पर कंपन और आवाज होती है, जिससे चालक को गति कम करने का संकेत मिलता है। आमतौर पर इन्हें चौराहों, खतरनाक मोड़ों और उन स्थानों से पहले लगाया जाता है जहां वाहनों की गति नियंत्रित करना जरूरी होता है।