भाजपा संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट, लोगों से सावधान रहने की अपील

भाजपा संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट, लोगों से सावधान रहने की अपील

देहरादून: उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के नाम और तस्वीर का कथित तौर पर दुरुपयोग कर अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया है। इस प्रोफाइल के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेश भेजकर व्हाट्सएप नंबर मांगे जा रहे हैं। साथ ही, सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े संदिग्ध संदेश भी भेजे जा रहे हैं।

फणींद्रनाथ शर्मा ने जारी की चेतावनी
मामले की जानकारी मिलने के बाद फणींद्रनाथ शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक चेतावनी जारी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी फेसबुक अकाउंट से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी संदेश पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं, मित्रों और आमजन से कहा कि फर्जी प्रोफाइल से आने वाले संदेशों का जवाब न दें और अपना मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप नंबर या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

लेन-देन से बचने की अपील
फर्जी अकाउंट के जरिए सामान की खरीद-बिक्री से संबंधित संदेश भी प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में लोगों से किसी भी तरह का भुगतान या वित्तीय लेन-देन नहीं करने की अपील की गई है।
फणींद्रनाथ शर्मा ने लोगों से इस फर्जी फेसबुक अकाउंट को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करने का आग्रह किया है, ताकि इसके जरिए होने वाली संभावित साइबर ठगी को रोका जा सके।