नई दिल्ली: बैंक कर्मचारियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी।
UFBU की ओर से 27 सितंबर को जारी सर्कुलर के अनुसार, IBA और UFBU के बीच रविवार रात करीब 9:30 बजे बैठक हुई। इसमें बैंकिंग क्षेत्र में बचे हुए शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर चर्चा की गई।
बैठक में इस विषय पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी। समिति उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों के साथ चर्चा कर समाधान तलाशने का प्रयास करेगी।
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना को लेकर भी चर्चा आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। UFBU के मुताबिक, यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए PLI योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके अलावा 8 मार्च 2024 की पिछली कार्यवाही में दर्ज शेष मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी है।
इन फैसलों के बाद बैंक यूनियनों ने 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को टालने का निर्णय लिया। हालांकि, शनिवार की छुट्टी और PLI योजना समेत अन्य मुद्दों पर आगे की बातचीत और समिति की प्रक्रिया के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।