उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कालिंदी ट्रेक के ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स के लिए चलाया गया रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अभियान के दौरान कुल 29 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित रेस्क्यू कर हर्षिल पहुंचाया गया।
शासन से समन्वय स्थापित कर सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। सेनानायक ने एसडीआरएफ कंट्रोल रूम के माध्यम से अभियान की लगातार निगरानी की और रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूकाडा (UCADA) की टीमें संयुक्त रूप से शामिल रहीं। टीमों ने समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी ट्रेकर्स को आर्मी बेस हर्षिल स्थित चिकित्सालय लाया गया है। यहां चिकित्सकीय टीम की ओर से सभी की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। फिलहाल सभी 29 ट्रेकर्स सुरक्षित बताए गए हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की चिकित्सकीय जांच की जा रही है।