हरिद्वार से अब इन जगहों के लिए मिलेंगी 3 नई ट्रेन सेवाएं, रेलवे ने दी मंजूरी, सीएम धामी ने जताया आभार

हरिद्वार से अब इन जगहों के लिए मिलेंगी 3 नई ट्रेन सेवाएं, रेलवे ने दी मंजूरी, सीएम धामी ने जताया आभार

देहरादून: उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इन रेल सेवाओं को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है।

हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए नई ट्रेन
मंजूर की गई सेवाओं में हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस का संचालन हरिद्वार तक किए जाने को मंजूरी मिली है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नई रेल सेवाओं और गरीब रथ के हरिद्वार तक विस्तार से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी ।