हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की का करीब 50 लाख रुपये कीमत का ड्रोन उड़ान के दौरान लापता हो गया। ड्रोन भूपतवाला क्षेत्र में मैपिंग और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए उड़ाया जा रहा था। करीब 100 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान के दौरान अचानक उसका कंट्रोल यूनिट से संपर्क टूट गया। घटना के एक दिन बाद भी ड्रोन का पता नहीं चल सका है। मामले में पुलिस से मदद मांगी गई है।
100 मीटर की ऊंचाई पर उड़ रहा था ड्रोन
जानकारी के मुताबिक, आईआईटी रुड़की का ट्रिनिटी एफ-90 ड्रोन भूपतवाला क्षेत्र में मैपिंग समेत अन्य कार्यों के लिए लगाया गया था। उड़ान के दौरान ड्रोन लगभग 100 मीटर की ऊंचाई पर था। इसी बीच अचानक उसका कंट्रोल यूनिट से संपर्क टूट गया। इसके बाद ड्रोन की लोकेशन का पता नहीं चल सका।
ड्रोन की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह पेलोड और अत्याधुनिक कैमरों से लैस था। इसके लापता होने के बाद संबंधित विभाग ड्रोन की तलाश में जुटा है। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई है, ताकि ड्रोन का पता लगाने में मदद मिल सके।
पक्षी से टकराने या गंगा में गिरने की आशंका
ड्रोन के लापता होने के पीछे कई संभावनाएं जताई जा रही हैं। आशंका है कि उड़ान के दौरान ड्रोन किसी पक्षी से टकरा गया हो या हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया हो। इसके अलावा, ड्रोन के गंगा नदी में गिरने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक ड्रोन के लापता होने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। उसकी तलाश और घटना के कारणों की पुष्टि के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस करीब 50 लाख रुपये का यह ड्रोन आखिर कहां गया।