नैनीताल, 11 अक्टूबर। फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में नैनीताल पहुंचीं अभिनेत्री जाह्नवी कपूर रविवार को मां नयना देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और शिवलिंग पर जल चढ़ाया। इस दौरान वह नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता, मौसम और नैनी झील की खूबसूरती से भी प्रभावित नजर आईं।
जानकारी के अनुसार, जाह्नवी कपूर रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ नयना देवी मंदिर पहुंचीं। वह पार्किंग से नंगे पैर चलकर मंदिर परिसर में दाखिल हुईं। यहां उन्होंने मां नयना देवी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और शिवलिंग पर जल अर्पित किया।
मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने जाह्नवी कपूर को नयना देवी मंदिर के इतिहास और उससे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के बारे में जानकारी दी। उनके मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं में उत्सुकता बढ़ गई। कई लोग अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में जुटने लगे। जाह्नवी कपूर ने मंदिर में करीब 15 मिनट बिताए। पूजा-अर्चना के बाद वह वहां से रवाना हो गईं।
नैनीताल की खूबसूरती ने किया प्रभावित
मंदिर दर्शन के दौरान जाह्नवी कपूर ने नैनीताल के मौसम और नैनी झील की सुंदरता की सराहना की। उनकी इस यात्रा से स्थानीय लोगों और प्रशंसकों के बीच चर्चा रही।
नैनीताल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, झीलों और धार्मिक स्थलों के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। फिल्मी हस्तियों के यहां पहुंचने से भी शहर लोगों के बीच चर्चा में रहता है।