गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का टीजर लॉन्च, 27 नवंबर से सिनेमाघरों में होगी रिलीज,

गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का टीजर लॉन्च, 27 नवंबर से सिनेमाघरों में होगी रिलीज,

देहरादून: गढ़वाली भाषा की राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीजर लॉन्च हो गया है। देहरादून स्थित दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी सहित कला, साहित्य और फिल्म जगत से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं। फिल्म 27 नवंबर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी। गढ़वाली सिनेमा के लिए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि 43 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी गढ़वाली फीचर फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है।

नरेंद्र सिंह नेगी बोले- क्षेत्रीय सिनेमा संस्कृति को दिलाता है पहचान
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आधुनिक समय में फिल्में विचारों और संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम हैं। क्षेत्रीय भाषाओं में बनने वाला सिनेमा न केवल भाषा के संरक्षण और विकास में मदद करता है, बल्कि संबंधित क्षेत्र की कला, संस्कृति, लोकनृत्य, गीत, पहनावे, पर्यटन और तीर्थाटन को भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला सकता है।
उन्होंने कहा कि ‘ढोली’ को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गढ़वाली भाषा, लोककला और संस्कृति का सम्मान है। उम्मीद जताई कि फिल्म के माध्यम से ढोल वादकों के संघर्ष, योगदान, सम्मान और अधिकारों को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ेगी।

ढोल वादकों को मिले उचित सम्मान और पारिश्रमिक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. केपी जोशी ने कहा कि ढोल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बावजूद ढोल वादकों को समाज में अपेक्षित सम्मान और पारिश्रमिक नहीं मिल पाया है। उन्होंने इस पारंपरिक कला के संरक्षण और इससे जुड़े कलाकारों को उचित सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित हुई ‘ढोली’
गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सम्मान मिला है। यह उपलब्धि गढ़वाली सिनेमा के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। फिल्म के निर्माता सुनील नायक हैं, जबकि निर्देशन हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने किया है। फिल्म का संगीत नरेंद्र सिंह नेगी ने तैयार किया है और कहानी व गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं।

फिल्म में ये कलाकार आएंगे नजर
फिल्म के टीजर लॉन्च कार्यक्रम में फिल्म जगत से जुड़े सुनील बड़ोनी, आलोक मलासी, दिनेश बौड़ाई, रमेश रावत, भानु जोशी और सचिन रावत सहित कई लोग उपस्थित रहे। साहित्यकार बीना बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद डिमरी, डीके पांडे और पंकज नैथानी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
फिल्म के कलाकारों में मोहित घिल्डियाल, जसपाल राणा, सोनिया नौडियाल गैरोला, रमेश नौडियाल, अतुल रावत, सुनील सिंह और तन्मय लोहानी मौजूद रहे। अब दर्शकों को 27 नवंबर को सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज का इंतजार है।