श्रीनगर (पौड़ी)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भविष्य में व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए भूमि चिह्नित करने और भू-सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार, पार्किंग निर्माण के लिए श्रीनगर क्षेत्र में उपयुक्त भूमि चिह्नित की गई है।
0.14 हेक्टेयर भूमि पर बनेगी पार्किंग
प्रस्तावित पार्किंग के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह जमीन ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के पास स्थित है।
योजना के अनुसार, करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें लगभग 100 ईसीएस यानी इक्विवेलेंट कार स्पेस के बराबर पार्किंग क्षमता प्रस्तावित है। चिह्नित भूमि का जीआईएस आधारित सर्वेक्षण भी कराया गया है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
कार्यकारी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया जारी
परियोजना के लिए कार्यकारी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया चल रही है। पौड़ी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने इस संबंध में आवास विभाग के सचिव को प्रस्ताव भेजा है। एजेंसी के चयन के बाद स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद प्रमाणित स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाएगा, ताकि निर्माण में तकनीकी मानकों और सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके।
भूमि हस्तांतरण के लिए NOC जरूरी
चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के अंतर्गत दर्ज है और फिलहाल इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर के पास है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना आवश्यक है। इसके बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, पौड़ी को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी व्यवस्थित पार्किंग सुविधा
मां धारी देवी मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान यहां वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में प्रस्तावित पार्किंग से मंदिर क्षेत्र में वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने की सुविधा मिल सकेगी। इससे सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग और यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।