देहरादून द्वारा ‘स्वच्छता अभियान 6.0’ के अंतर्गत 10 पर्यावरण मित्रों को किया गया सम्मानित

देहरादून द्वारा ‘स्वच्छता अभियान 6.0’ के अंतर्गत 10 पर्यावरण मित्रों को किया गया सम्मानित

नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर पर्यावरण मित्रों का बढ़ाया उत्साह

देहरादून, 30 अक्टूबर 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रादेशिक कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा नगर निगम देहरादून के प्रेक्षागृह में देशव्यापी ‘स्वच्छता अभियान 6.0’ के अंतर्गत विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं स्वच्छ कार्य वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार खैरवाल एवं सचिव श्री धीरज भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीआईबी देहरादून के मीडिया संचार अधिकारी एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने स्वच्छता अभियान 6.0 के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पांडेय ने पर्यावरण मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों का सम्मान करना उनके समर्पण, मेहनत और सेवाभाव के प्रति समाज का आभार व्यक्त करना है। साथ ही उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

समारोह के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले नगर निगम के 10 पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना तथा अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा।

सम्मानित होने वाले पर्यावरण मित्रों के नाम एवं उनके वार्ड इस प्रकार हैं—

  1. श्री विकास – वार्ड संख्या 86, सेवलाकला।
  2. श्री ऋषिपाल – वार्ड संख्या 12, किशननगर।
  3. श्री रामचन्द्रा – वार्ड संख्या 87, पित्थूवाला।
  4. श्री सुशील – वार्ड संख्या 21, एम.के.पी.।
  5. श्रीमती रेनू – वार्ड संख्या 21, एम.के.पी.।
  6. श्री प्रवीण – वार्ड संख्या 21, एम.के.पी.।
  7. श्री अनिल – वार्ड संख्या 10, डोभालवाला।
  8. श्री सुरेश – वार्ड संख्या 10, डोभालवाला।
  9. श्री अजय – वार्ड संख्या 11, विजय कॉलोनी।
  10. श्री रामदास – वार्ड संख्या 89, मेहूंवाला।

कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण मित्रों के योगदान को सम्मान देते हुए यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ शहर के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी समान रूप से आवश्यक है। नगर निगम देहरादून द्वारा स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।