शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता के लिए डॉ. सुबोध कण्डारी को राज्य स्तरीय सम्मान, यूकॉस्ट ने दिया Teacher of the Year Award–2026

शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता के लिए डॉ. सुबोध कण्डारी को राज्य स्तरीय सम्मान, यूकॉस्ट ने दिया Teacher of the Year Award–2026

देवप्रयाग। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के वनस्पति विज्ञान विभाग में कार्यरत डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी को विज्ञान, शोध, शिक्षा और अकादमिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया है। उत्तराखंड काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूकॉस्ट), देहरादून की ओर से उन्हें 9वें Teacher of the Year Award–2026 से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
डॉ. कण्डारी को शिक्षा, शोध, अकादमिक नवाचार और सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। वह पिछले करीब आठ वर्षों से शोध कार्य में सक्रिय हैं और उनके 20 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में रिंगाल पर केंद्रित है शोध
डॉ. कण्डारी का शोध उच्च हिमालयी क्षेत्र में रिंगाल के संरक्षण, संवर्द्धन, आजीविका में उपयोग और पर्यावरणीय अध्ययन पर केंद्रित है। इसके साथ ही वह जैव विविधता के अध्ययन में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग की संभावनाओं पर भी कार्य कर रहे हैं। उनके शोध का उद्देश्य क्षेत्रीय जैव संसाधनों के संरक्षण और उनके उपयोग से जुड़े पहलुओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझना है।

तेगढ़ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य भी हैं डॉ. कण्डारी
डॉ. सुबोध कुमार कण्डारी नवसृजित राजकीय महाविद्यालय तेगढ़ (लोस्तु-बढ़ियार) के प्रभारी प्राचार्य के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। शोध और अकादमिक क्षेत्र में उनके योगदान को महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर नर्वदेश्वर शुक्ला, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने डॉ. कण्डारी को सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने इसे महाविद्यालय और उत्तराखंड के उच्च शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
Did you like this feature?