एसआईआर में कटे नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6, पुराने मतदाताओं पर नहीं होगी कार्रवाई

एसआईआर में कटे नाम जुड़वाने के लिए भरें फॉर्म-6, पुराने मतदाताओं पर नहीं होगी कार्रवाई


नई दिल्ली/देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से कट गए हैं या शामिल नहीं हो पाए हैं, वे दोबारा नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भर सकते हैं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि पहले मतदाता रह चुके लोगों को भी फॉर्म-6 भरने पर किसी कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
चुनाव आयोग ने इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को पत्र भेजकर दिशा-निर्देश स्पष्ट किए हैं। आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का हवाला देते हुए कहा है कि पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद एसआईआर की ड्राफ्ट सूची से नाम हट जाने पर फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं माना जाएगा।

फॉर्म-6 भरने में क्यों हो रही थी हिचकिचाहट?
दरअसल, फॉर्म-6 में आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। ऐसे में पहले से मतदाता रहे लोगों को आशंका थी कि फॉर्म भरने पर उनकी घोषणा गलत मानी जा सकती है और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

आयोग ने ईआरओ को दिए निर्देश
आयोग ने स्पष्ट किया है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर अंतिम सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना आवश्यक है। केवल इस आधार पर कि आवेदक पहले मतदाता रह चुका है, उसकी घोषणा को गलत नहीं माना जाएगा। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को भी निर्देश दिए गए हैं कि इस आधार पर किसी आवेदक के खिलाफ कार्रवाई न की जाए।
हालांकि, यह शर्त लागू रहेगी कि आवेदक का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज न हो। ऐसे में ड्राफ्ट सूची से नाम छूटने वाले पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।