Top Banner
मास्टर माइंड अब्दुल मलिक समेत फरार सभी 9 दंगाइयों की संपत्ति होगी कुर्क

मास्टर माइंड अब्दुल मलिक समेत फरार सभी 9 दंगाइयों की संपत्ति होगी कुर्क

बनभूलपुरा दंगे के फरार मास्टर माइंड अब्दुल मलिक समेत सभी फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस अब फरार सभी आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी कर रही है। इस घटना में अब्दुल मलिक का बेटा भी नामजद है। दोनों दंगे की रात से ही शहर छोड़कर फरार हो गए थे। सभी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली और हरियाणा तक दबिशें दे रही है। 

बता दें कि बीती 8 फरवरी को बनभूलपुरा के मलिक का बगीचा में नजूल की भूमि पर बने अवैध मदरसा और धार्मिक स्थल को ढहाने के लिए पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीम पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही पथराव शुरू हो गया और करीब साढ़े 4 घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान लगातार दंगाइयों ने पथराव किया।

टीम ने निकलने का प्रयास किया तो सरकारी वाहनों में आग लगा दी गई और कर्मियों को घेर पथराव व जलते टायर फेंके गए। इस मामले में पुलिस ने अब्दुल मलिक और उसके बेटे अब्दुल मोईद समेत 18 लोगों को नामजद किया था। अभी नामजदों में नौ लोगों की गिरफ्तारी होनी बाकी है, जिसमें मलिक और उसका बेटा भी शामिल है।

दोनों घटना की रात से फरार हैं। इन दोनों के साथ ही पुलिस फरार शकील अंसारी, वसीम उर्फ हप्पा, मौकिन सैफी, एजाज अहमद, तस्लीम, जियाउल रहमान और रईस उर्फ दत्तू की तलाश भी कर रही है। ये सभी दंगे के मामले में नामजद हैं। पुलिस को न्यायालय से इन सभी की संपत्ति कुर्क करने के आदेश मिल चुके हैं। 

एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमों को लगाया गया है। एक टीम अब्दुल मलिक और उसके बेटे के पीछे है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पड़ोसी जिले और राज्यों की पुलिस से संपर्क किया है।

फरार आरोपियों की फोटो और अन्य डिटेल भी विभिन्न राज्यों की पुलिस से साझा किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन सभी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने फरार आरोपियों की संपत्ति का आंकलन शुरू कर दिया है। जल्द ही कुर्की की कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी। 

इन आरोपियों की होनी है गिरफ्तारी और संपत्ति कुर्क
1. अब्दुल मलिक
2. अब्दुल मोईद
3. शकील अंसारी
4. वसीम उर्फ हप्पा
5. मौकिन सैफी
6. एजाज अहमद
7. तस्लीम
8. जियाउल रहमान
9. रईस उर्फ दत्तू

जब्त होंगे पासपोर्ट, बैंक खाते किए जाएंगे फ्रीज
जितने भी लोग पुलिस को चकमा देकर फरार हैं, अब उनपर कानून का शिंकजा कस रहा है। फरार सभी नौ आरोपियों में जितने लोगों के भी पासपोर्ट हैं, पुलिस सभी को जब्त करने जा रही है। इसके अलावा वह धन बल के दम पर फरार न हो सकें तो उनके बैंक खातों को फ्रीज करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि दंगे के बाद से फरार लोगों ने खाते से कितने पैसे कहां से निकले और कहां खर्च किए। अगर ट्रांजेक्शन ऑन लाइन हुई है तो पुलिस के लिए इन तक पहुंचना आसान हो जाएगा। 

Please share the Post to: