कोटद्वार। सिद्धबली बाबा मंदिर में वार्षिक महोत्सव के समापन के बाद ग्रीन आर्मी देवभूमि उत्तराखंड ने स्थानीय शिक्षण संस्थानों के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया। 8 दिसंबर 2025 को आयोजित इस अभियान में मंदिर परिसर से लेकर आसपास के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों की सफाई की गई।
स्वच्छता अभियान में आर.डी. पब्लिक स्कूल और रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता दर्ज की। अभियान का उद्देश्य महोत्सव के दौरान परिसर में जमा हुए कूड़े-करकट का वैज्ञानिक और सुरक्षित निस्तारण करना था।
पहले दिन से चला सफाई अभियान
5 दिसंबर को अनुष्ठान के प्रथम दिवस पर स्वयंसेवकों ने सिद्धों का डांडा से मंदिर कार्यक्रम ग्राउंड तक सफाई की। शाम को भव्य शोभा यात्रा के बाद भी नगर के सहयोग से सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
80 बैग से अधिक कूड़े का संग्रह
अभियान के दौरान मंदिर परिसर, नवदुर्गा मंदिर, डीएफओ कार्यालय मार्ग, श्री फलाहारी बाबा मंदिर और सिद्धबली पार्क तक गहन सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने कुल 80 बैग से अधिक कूड़ा एकत्रित किया, जिसे नगर निगम की गाड़ी के माध्यम से सुरक्षित रूप से निस्तारित कराया गया।
युवा शक्ति का शानदार योगदान
अभियान में ग्रीन आर्मी की टीम के साथ कई संस्थाओं और युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान में प्रमुख रूप से अध्यक्ष शिवम् नेगी, सचिव उत्कर्ष नेगी, कोषाध्यक्ष सौरव धूलिया, एनएसएस प्रभारी भूपेंद्र रावत, आर.डी. पब्लिक स्कूल के मंदीप रावत, तथा स्वयंसेवक— हिमांशु रावत, सुशांत कोहली, सतेंद्र सिंह गुसाईं, ज्योति सजवान, अंकित थपलियाल, अभय जुयाल आदि शामिल रहे। प्रणीता कंडवाल और रुचि नेगी ने भी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अभियान को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और ‘स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए ग्रीन आर्मी और स्वयंसेवकों के प्रयासों की प्रशंसा की।