Top Banner
गंगोत्री हाईवे पर देवदार कटान के खिलाफ भड़का विरोध, स्थानीय लोग उतरे सड़कों पर — ‘रक्षा सूत्र’ आंदोलन शुरू

गंगोत्री हाईवे पर देवदार कटान के खिलाफ भड़का विरोध, स्थानीय लोग उतरे सड़कों पर — ‘रक्षा सूत्र’ आंदोलन शुरू

गंगोत्री नेशनल हाइवे पर झाला–भैरों घाटी के बीच ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत हो रहे देवदार के पेड़ों के कटान का विरोध तेज हो गया है। स्थानीय लोग, पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता अब खुलकर सड़क पर उतर आए हैं। देवदार के हरे-भरे जंगलों को बचाने के लिए लोगों ने ‘रक्षा सूत्र आंदोलन’ की शुरुआत की है।

भागीरथी इको-सेंसिटिव ज़ोन में कटान पर सवाल

लोगों ने कहा कि यह इलाका भागीरथी इको-सेंसिटिव ज़ोन में आता है, जहां बेतरतीब कटान हिमालय, गंगा और ग्लेशियरों की सेहत के लिए खतरा है। देवदार के पेड़ इस क्षेत्र की जैव-विविधता, मिट्टी संरक्षण और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। कटान से भविष्य में आपदा जोखिम कई गुना बढ़ सकता है।

पेड़ों पर बांधे गए ‘रक्षा सूत्र’

स्थानीय लोगों ने सैकड़ों देवदार के पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। आंदोलन को सुप्रीम कोर्ट की चारधाम निगरानी समिति के सदस्य हेमंत ध्यानी, वरिष्ठ पर्यावरणविद् सुरेश भाई, तथा RSS ने भी समर्थन दिया है। ग्रामीणों से लेकर पर्यावरण कार्यकर्ताओं तक, सभी ने एकजुट होकर इस कटान को रोकने की मांग की।