देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बल्लूपुर चौक पर नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जब तक प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी नहीं निभाएगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।
उन्होंने नगर निगम, देहरादून के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इन्हें नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए।
नगर निगम द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष सफाई अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना रहा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।