लच्छीवाला टोल प्लाजा 14 अप्रैल को रहेगा फ्री, DM ने जारी किए आदेश

लच्छीवाला टोल प्लाजा 14 अप्रैल को रहेगा फ्री, DM ने जारी किए आदेश

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण और गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है।

14 अप्रैल को टोल फ्री रहेगा
जिलाधिकारी सविन बंसल ने आदेश जारी करते हुए लच्छीवाला टोल प्लाजा को 14 अप्रैल सुबह 5:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक पूरी तरह नि:शुल्क रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान किसी भी निजी, व्यावसायिक या अन्य वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। यहां तक कि फास्टैग के माध्यम से भी कोई शुल्क नहीं काटा जाएगा।

जाम से राहत के लिए लिया गया फैसला
प्रशासन के अनुसार, सीमावर्ती और पर्वतीय जिलों से बड़ी संख्या में बसों और निजी वाहनों के कार्यक्रम स्थल पहुंचने की संभावना है। ऐसे में टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति न बने और शहर में यातायात सुचारु बना रहे, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।

सुरक्षा और व्यवस्था पर फोकस
जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। साथ ही, शहर को जाममुक्त रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके