पिथौरागढ़ जिले के एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 1 के छात्र शौर्य शर्मा ने अपनी असाधारण प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। महज 6 वर्ष 5 माह की उम्र में शौर्य का नाम India Book of Records में दर्ज हुआ है, जिससे पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
कम उम्र में अद्भुत प्रतिभा
शौर्य ने बेहद कम उम्र में ही अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने उत्तराखंड के 13 जिलों के नाम, 15 श्लोक, शिव तांडव स्तोत्र, जी-20 देशों और उनकी राजधानियां, 31 संक्षिप्त रूपों के फुल फॉर्म, 195 देशों की राजधानियां व मुद्राएं और 26 भारतीय राज्यों की राजधानियां कंठस्थ कर ली हैं।
विद्यालय और परिवार में खुशी
विद्यालय के चेयरमैन स्वामी डॉ. वीरेंद्रानंद ने शौर्य की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शौर्य की इस सफलता से परिवार, शिक्षकों और सहपाठियों में खुशी की लहर है। इतनी कम उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।