NEET-UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को होगा, NTA ने जारी की नई गाइडलाइन

NEET-UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को होगा, NTA ने जारी की नई गाइडलाइन


नई दिल्ली। National Testing Agency ने NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। एजेंसी ने आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा की नई तारीख, समय और एग्जाम सिटी बदलने की प्रक्रिया से जुड़ी अहम जानकारी साझा की है।

एनटीए के नोटिफिकेशन के अनुसार NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक ऑफलाइन मोड में होगी। छात्र OMR शीट पर पेन-पेपर माध्यम से परीक्षा देंगे। परीक्षा देश और विदेश के विभिन्न केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की जाएगी।

छात्रों को एग्जाम सिटी बदलने का मौका
एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए परीक्षा शहर बदलने का विकल्प भी दिया है। इसके लिए 15 मई से 21 मई 2026 रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन विंडो खोली गई है। इस दौरान उम्मीदवार अपने वर्तमान पते और परीक्षा शहर की पसंद अपडेट कर सकते हैं।

छात्र पहली और दूसरी पसंद के रूप में परीक्षा शहर चुन सकेंगे। एजेंसी ने कहा है कि छात्रों को उनकी पसंद के अनुसार शहर आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि जो छात्र कोई बदलाव नहीं करेंगे, उनका पुराना परीक्षा शहर ही मान्य रहेगा।

कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। उम्मीदवार केवल वर्तमान पता और परीक्षा शहर में ही बदलाव कर सकेंगे। नाम, जन्मतिथि, कैटेगरी या अन्य किसी जानकारी में सुधार की अनुमति नहीं होगी।

14 जून तक जारी होंगे एडमिट कार्ड
एजेंसी के अनुसार एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड समेत सभी जरूरी निर्देश 14 जून 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।