देहरादून। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित रोजगार मेले में 125 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा लिए गए साक्षात्कार के बाद 15 युवाओं का चयन किया गया, जबकि 27 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
सेवायोजन कार्यालय में आयोजित इस रोजगार मेले में छह कंपनियों ने हिस्सा लिया और कुल 92 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए। कई कंपनियों ने मौके पर ही इंटरव्यू लेकर उम्मीदवारों का चयन किया।
भर्ती प्रक्रिया के तहत इंजीनियर, वायरमैन, सेल्स एंड सर्विसेज, मैनेजमेंट ट्रेनी, सेल्स मैनेजर, असिस्टेंट, ईएमटी, पायलट और डिस्ट्रिक्ट प्रोग्रामर (डीपीओ) सहित विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का आकलन किया गया।
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई थी। चयनित उम्मीदवारों को 13,550 रुपये से लेकर 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को बेहतर अवसर देने के साथ उद्योगों को योग्य मानव संसाधन उपलब्ध कराने में भी मदद करते हैं।