इग्नू में जुलाई सेशन 2026 के लिए एडमिशन शुरू, 15 जुलाई तक करें आवेदन

इग्नू में जुलाई सेशन 2026 के लिए एडमिशन शुरू, 15 जुलाई तक करें आवेदन

नई दिल्ली। उच्च शिक्षा हासिल करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन मोड के तहत संचालित अंडर ग्रेजुएट (UG), पोस्ट ग्रेजुएट (PG) और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं।

इग्नू की ओर से 25 मई से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल सक्रिय कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

देश की सबसे बड़ी ओपन यूनिवर्सिटी इग्नू में छात्र बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीसीए जैसे स्नातक पाठ्यक्रमों के साथ एमए, एमबीए, एमकॉम, एमसीए और एमएससी जैसे स्नातकोत्तर कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं। ये पाठ्यक्रम ऑनलाइन और डिस्टेंस दोनों माध्यमों में उपलब्ध हैं।

आवेदन से पहले छात्रों को अपनी अपार आईडी तैयार रखने और आवश्यक दस्तावेज पहले से स्कैन कर रखने की सलाह दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को इग्नू के संबंधित पोर्टल पर जाकर नया पंजीकरण करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण, कोर्स चयन और दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।

दस्तावेजों में पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, 10वीं-12वीं की मार्कशीट और आरक्षण श्रेणी से जुड़े प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे।

विश्वविद्यालय ने छात्रों से आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरने और अंतिम तिथि से पहले प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।