हल्द्वानी। नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में हुई तीन बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये मूल्य के 20 तोला से अधिक सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को बिंदुखत्ता क्षेत्र के चित्रकूट तिवारी नगर निवासी चंद्रा देवी ने घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को इसी तरह की दो पुरानी चोरी की घटनाओं से भी समानता मिली, जिनमें लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी हुई थी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
23 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल युवक बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरी के आभूषण बेचने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भानु प्रताप निवासी बहेड़ी, बरेली के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से टूटे हुए सोने के आभूषण मिले। पुलिस ने जब उसके पास मौजूद पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोली तो उसमें छिपाकर रखे गए कई सोने के जेवर बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बंद मकानों की रेकी कर ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामद सामान में हार, नथ, मंगलसूत्र, मांगटीका, झुमके, अंगूठियां, चेन समेत कई आभूषण शामिल हैं।
इस सफलता पर एसएसपी ने पुलिस टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है।