रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठग अब श्रद्धालुओं की आस्था को निशाना बना रहे हैं। केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर आंध्र प्रदेश से आए 22 श्रद्धालुओं के साथ करीब 2.65 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के चित्तूर-तिरुपति क्षेत्र से आए श्रद्धालु दल के सदस्य ऑनलाइन माध्यम से केदारनाथ हेली सेवा के टिकट बुक करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टिकट उपलब्ध नहीं हो सके। इसी दौरान उन्हें एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें खुद को अधिकृत एजेंट बताने वाले व्यक्ति ने सभी श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर टिकट उपलब्ध कराने का दावा किया।
आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में श्रद्धालुओं से पैसे ट्रांसफर करवाए और टिकट बुक होने की पुष्टि करते हुए कथित टिकट भी भेज दिए। श्रद्धालु यात्रा के लिए केदारघाटी पहुंचे, लेकिन हेलीपैड पर जांच के दौरान पता चला कि सभी टिकट फर्जी हैं।
जब पीड़ितों ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ। घटना के बाद श्रद्धालु दल को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान हर साल हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज और कॉल के जरिए ठगी के मामले सामने आते हैं। साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपनाकर श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे हैं।
रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने यात्रियों से अपील की है कि केदारनाथ हेली टिकट केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही बुक करें। किसी अनजान कॉल, लिंक, सोशल मीडिया पोस्ट या निजी एजेंट के झांसे में न आएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें।