देहरादून। गढ़वाल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (ग्रुटा) के नवगठित प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। शिक्षक संघ के चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी की मंत्री के साथ यह पहली औपचारिक बैठक रही।
बैठक के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने ग्रुटा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राकेश पाठक को बधाई देते हुए शिक्षक हित और राज्यहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्रुटा प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय और महाविद्यालय शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इनमें लंबे समय से रुके हुए प्रमोशन, शिक्षकों के वेतन का समय पर भुगतान नहीं होना, महिला शिक्षकों को चाइल्ड केयर लीव में समानता, डीबीएस पीजी कॉलेज में पिछले पांच वर्षों से कार्यरत शिक्षकों के वेतन भुगतान का मामला तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलने वाली ग्रेच्युटी में कथित भेदभाव जैसे विषय प्रमुख रहे।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में ग्रुटा अध्यक्ष डॉ. राकेश पाठक के साथ प्रो. कौशल कुमार, प्रो. हर्षवर्धन पंत, डॉ. ममता सिंह, डॉ. रुपेश त्यागी, डॉ. पुनीत सैनी और डॉ. कमल सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।