अब टीवी स्क्रीन पर भी मिलेगा आपदा अलर्ट, उत्तराखंड में DTH के जरिए शुरू हुआ नया वार्निंग सिस्टम

अब टीवी स्क्रीन पर भी मिलेगा आपदा अलर्ट, उत्तराखंड में DTH के जरिए शुरू हुआ नया वार्निंग सिस्टम

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को और अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के लोगों को डीटीएच प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी मौसम और आपदा संबंधी अलर्ट सीधे टीवी स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इसके लिए राज्य में टेस्ट अलर्ट का सफल प्रसारण किया गया है।

पहले चरण में यह परीक्षण देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में किया गया। परीक्षण के दौरान टाटा प्ले, एयरटेल डीटीएच, डी2एच और डिश टीवी जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म पर टीवी स्क्रीन पर अलर्ट संदेश प्रदर्शित किए गए। यह संदेश लगभग 15 से 40 सेकंड तक स्क्रीन पर दिखाई दिया।

इस नई प्रणाली के जरिए फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, भारी बारिश, आकाशीय बिजली और लू जैसी आपदाओं से पहले लोगों तक कुछ ही सेकंड में चेतावनी पहुंचाई जा सकेगी। टीवी स्क्रीन पर सीधे संदेश आने से लोगों का तुरंत ध्यान आकर्षित होगा और समय रहते सतर्कता बरतने में मदद मिलेगी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तराखंड भौगोलिक रूप से संवेदनशील राज्य है, ऐसे में समय पर चेतावनी का लोगों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि डीटीएच आधारित अलर्ट प्रणाली आपदा पूर्व चेतावनी तंत्र को अधिक व्यापक, त्वरित और प्रभावी बनाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले 2 मई को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और सी-डॉट की ओर से सेल ब्रॉडकास्टिंग तकनीक के जरिए देशभर में मोबाइल अलर्ट प्रणाली का भी सफल परीक्षण किया गया था। इस तकनीक की खास बात यह है कि इसके लिए इंटरनेट या किसी ऐप की जरूरत नहीं होती, केवल मोबाइल नेटवर्क सक्रिय होना चाहिए।