देहरादून में नगर निगम कर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार, 3 हजार रुपये लेते विजिलेंस ने दबोचा

देहरादून में नगर निगम कर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार, 3 हजार रुपये लेते विजिलेंस ने दबोचा

देहरादून। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के सफाई नायक सुपरवाइजर अंकुश कुमार को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर चालान खत्म कराने और मामले को निपटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की चांदचक रोड, बंजारावाला क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स की दुकान है।

शिकायत में बताया गया कि दुकान के आसपास पानी फैला होने के कारण नगर निगम सुपरवाइजर ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान कर दिया था।
आरोप है कि बाद में चालान समाप्त कराने और मामला निपटाने के एवज में आरोपी ने 3 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने पर सतर्कता विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज कर ट्रैप टीम गठित की गई। रविवार को विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।