देहरादून। उत्तराखंड शासन के प्रशासनिक फेरबदल के बाद आईएएस 2012 बैच के अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को देहरादून के नए जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। वहीं पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल को नई जिम्मेदारी देते हुए सचिवालय भेजा गया है।
कार्यभार संभालने से पहले डॉ. चौहान ने कोषागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों व कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड के सुरक्षित संरक्षण और पेंशनरों के डिजिटल सत्यापन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. चौहान ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही चारधाम यात्रा प्रबंधन को और प्रभावी बनाना, आपदा प्रबंधन कार्यों में तेजी लाना और विकास योजनाओं को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
वहीं सितंबर 2024 से देहरादून के जिलाधिकारी रहे सविन बंसल को भावुक विदाई दी गई। उनके कार्यकाल में कई जनहितकारी पहलें शुरू की गईं। ‘नंदा-सुनंदा’ अभियान के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा दिया गया, जबकि भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने वाले बच्चों के पुनर्वास के लिए भी विशेष प्रयास किए गए।
डॉ. आशीष चौहान इससे पहले पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और पौड़ी जैसे जिलों में अपनी कार्यशैली और नवाचारों के लिए पहचान बना चुके हैं। सड़क सुरक्षा के लिए ‘सेफ सफर ऐप’ और मातृ स्वास्थ्य निगरानी के लिए ‘काव्या ऐप’ जैसी पहलें उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही हैं।
अब देहरादून में उनके नेतृत्व से पारदर्शी, तकनीक आधारित और जनकेंद्रित प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।