देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) आज से एक बार फिर पर्यटकों और आगंतुकों के लिए खोल दिया गया है। सुरक्षा कारणों से संस्थान को करीब चार महीने पहले बंद किया गया था। अब दोबारा प्रवेश शुरू होने के साथ ही संस्थान प्रशासन ने सामान्य प्रवेश, संग्रहालय और पार्किंग शुल्क में भी बढ़ोतरी कर दी है।
नई व्यवस्था के तहत भारतीय नागरिकों के लिए पैदल प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। संग्रहालय देखने के लिए 150 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं विदेशी नागरिकों के लिए प्रवेश शुल्क 1000 रुपये तय किया गया है और संग्रहालय भ्रमण के लिए उन्हें 1500 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
वाहनों के लिए भी पार्किंग शुल्क लागू किया गया है। स्कूटर और बाइक के लिए 50 रुपये, निजी कार और टैक्सी के लिए 150 रुपये, ऑटो रिक्शा के लिए 100 रुपये तथा बस और ट्रक के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
छात्रों के लिए विशेष रियायत भी रखी गई है। स्कूल के बच्चों से संग्रहालय प्रवेश के लिए 30 रुपये प्रति छात्र और कॉलेज विद्यार्थियों से 50 रुपये प्रति छात्र शुल्क लिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र संस्थान के शैक्षिक महत्व से जुड़ सकें।
एफआरआई की प्रभारी निदेशक ऋचा मिश्रा के अनुसार संस्थान को 16 जनवरी 2026 को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बंद किया गया था। अब स्थिति सामान्य होने के बाद इसे दोबारा आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।