उत्तराखंड में गर्मी का अलर्ट: अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

उत्तराखंड में गर्मी का अलर्ट: अगले 48 घंटे भारी पड़ सकते हैं, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव की चेतावनी जारी की है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं और लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।

राजधानी देहरादून में सुबह से तेज धूप और उमस का असर दिखाई दे रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

गर्मी से बचाव के लिए तरबूज, नींबू पानी, नारियल पानी, जलजीरा और अन्य तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।

जिलाधिकारी के निर्देश पर हीट वेव से जुड़ी सहायता और शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है।

हेल्पलाइन नंबर:
📞 2726066
📞 2626066
📲 व्हाट्सएप: 7534826066