उत्तराखंड में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया पुलिस कांस्टेबल

उत्तराखंड में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया पुलिस कांस्टेबल

देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खनन सामग्री से जुड़े वाहनों से अवैध वसूली करने का आरोप है।

मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम (रिवर बेड मटेरियल) का कार्य करता है और सामग्री को स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाने के लिए वाहनों का संचालन करता है। आरोप था कि पुलिस कर्मी वाहनों को रोककर अवैध रूप से पैसे की मांग कर रहा था।

शिकायत की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये लेते हुए मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया कि आरोपी ऊधमसिंहनगर का निवासी है और वर्तमान में थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल में तैनात था। वह हल्द्वानी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

विजिलेंस विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराई जा सकती है।