देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जून माह में उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 से 14 जून तक तीन दिवसीय प्रवास पर उत्तराखंड आ सकती हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून पहुंच सकती हैं और राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति आशियाना में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 13 जून को उनका भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 14 जून को राष्ट्रपति के केदारनाथ धाम जाने की भी संभावना जताई जा रही है। दर्शन के बाद उनके दिल्ली लौटने का कार्यक्रम तय किया जा सकता है।
राष्ट्रपति के संभावित दौरे को देखते हुए मुख्य सचिव कार्यालय से लेकर जिला प्रशासन तक तैयारियों में जुट गया है। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, देहरादून प्रशासन ने भी प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिए हैं और सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का आकलन किया जा रहा है।
हालांकि, राष्ट्रपति के इस दौरे पर अभी अंतिम स्वीकृति नहीं मिली है, लेकिन संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है।