राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड की नर्स पूजा राणा सम्मानित, मिला राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार

राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड की नर्स पूजा राणा सम्मानित, मिला राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उत्तरकाशी जिले के नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ पूजा परमार राणा को भी सम्मानित किया गया।

पूजा परमार राणा को हिमालयी और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले 15 वर्षों से उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए यह सम्मान मिला। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने यमुना घाटी क्षेत्र में पहली वैक्सीनेटर के रूप में काम किया और शत-प्रतिशत टीकाकरण अभियान में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कई राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया है।