1 जून से खुलेगी पर्यटकों के लिए वर्ल्ड फेमस वैली फूलों की घाटी

1 जून से खुलेगी पर्यटकों के लिए वर्ल्ड फेमस वैली फूलों की घाटी

चमोली। विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी आगामी 1 जून से पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी। घाटी के निरीक्षण के लिए गया वन विभाग का दल वापस लौट आया है और निरीक्षण रिपोर्ट में घाटी में फूलों की बहार शुरू होने की पुष्टि की गई है।

वन विभाग की टीम के अनुसार घाटी में फिलहाल दो दर्जन से अधिक प्रजातियों के फूल खिल चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य नजर आने लगा है। आने वाले दिनों में यहां फूलों की संख्या और विविधता बढ़ने की संभावना है।

हर वर्ष जुलाई और अगस्त के दौरान फूलों की घाटी अपने चरम सौंदर्य पर होती है, जब यहां करीब 300 प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं। इस दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और प्रकृति प्रेमी घाटी का दीदार करने पहुंचते हैं।

वन विभाग का कहना है कि इस बार भी पर्यटकों को अलग-अलग प्रजातियों के दुर्लभ और आकर्षक फूल देखने को मिलेंगे। घाटी खुलने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पर्यटकों के स्वागत की व्यवस्था की जा रही है।