हरिद्वार में पानी की टंकी से निकले 27 सांप के बच्चे, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

हरिद्वार में पानी की टंकी से निकले 27 सांप के बच्चे, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के सराय गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर की पानी की टंकी में 27 सांप के बच्चे पाए गए। एक साथ बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। स्नेकमैन तालिब और भोला ने सावधानीपूर्वक सभी सांपों के बच्चों को टंकी से सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और पूरे अभियान को देखते रहे।

वन विभाग के अनुसार, पकड़े गए सभी सांप चेकर्ड कीलबैक (Checkered Keelback) प्रजाति के हैं, जिन्हें सामान्य तौर पर पानी का सांप कहा जाता है। यह प्रजाति विषैली नहीं होती और आमतौर पर जल स्रोतों के आसपास पाई जाती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में सांप सुरक्षित और नम स्थानों की तलाश में घरों के आसपास पहुंच जाते हैं। इसी वजह से इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिलती है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और स्वयं उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।