उत्तराखंड में प्राथमिक स्कूलों में होगी सहायक अध्यापकों की भर्ती, शिक्षा मंत्री ने दिए खाली पद भरने के निर्देश

उत्तराखंड में प्राथमिक स्कूलों में होगी सहायक अध्यापकों की भर्ती, शिक्षा मंत्री ने दिए खाली पद भरने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी जल्द दूर होने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पड़े सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को दिए हैं।

शिक्षा विभाग में पूर्व में प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों के 2600 से अधिक पदों पर भर्ती की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से कई पद अब भी रिक्त हैं। इसके अलावा समय-समय पर शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने से भी अनेक पद खाली हो गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानकों के अनुसार रिक्त पदों का आकलन कर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों की कमी या अनुपस्थिति के कारण प्रदेश का कोई भी विद्यालय बंद नहीं होना चाहिए।

उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं। यदि निरीक्षण के दौरान कोई विद्यालय बंद पाया जाता है तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करना है।